हरिद्वार में नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, 7.966 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार, 13 जून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत कोतवाली नगर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.966 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में उप निरीक्षक नवीन नेगी, कांस्टेबल संदीप रावत और कांस्टेबल पवनीश कवि की टीम 12/13 जून की रात सर्वानंद घाट पार्किंग क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पार्किंग के पीछे स्थित खाली प्लॉट से झुग्गी बस्ती की ओर जाते समय एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर वह अपने पास रखा बैग लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से पत्तीदार पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी जांच एवं वजन करने पर कुल 7.966 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद साहनी पुत्र रामबिलास साहनी निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, कांवली रोड, देहरादून तथा वर्तमान निवासी बंगाली बस्ती, मोतीचूर, थाना रायवाला, देहरादून बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली नगर हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 298/2026 दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लेकर आया था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *