भगत सिंह जयंती पर हरिद्वार में सामाजिक एवं श्रमिक संगठनों ने किया माल्यार्पण

क्रांतिकारी विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोषणमुक्त समाज के निर्माण पर वक्ताओं ने रखे विचार

हरिद्वार, 28 सितंबर। शहीदे-आजम भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को हरिद्वार स्थित भगत सिंह चौक पर विभिन्न सामाजिक एवं श्रमिक संगठनों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सभा आयोजित कर भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों पर आधारित पर्चे वितरित किए गए।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह को केवल बम और पिस्तौल से जोड़कर देखना उनके व्यापक विचारों और संघर्ष को सीमित करना है। वक्ताओं के अनुसार भगत सिंह ने अपने लेखन और राजनीतिक जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक परिवर्तन, विचारों की स्वतंत्रता और शोषणमुक्त समाज की स्थापना पर जोर दिया था।

वक्ताओं ने भगत सिंह के प्रसिद्ध कथन “इंकलाब की तलवार विचारों की शान पर तेज होती है” का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए जनता के बीच वैज्ञानिक और क्रांतिकारी विचारों का प्रसार आवश्यक है।

सभा में वक्ताओं ने वर्तमान समय में गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, असमानता और श्रम के शोषण जैसी समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के विचारों और उनके द्वारा उठाए गए सामाजिक-आर्थिक सवालों को समझने तथा उन पर गंभीर चर्चा करने की जरूरत है।

कार्यक्रम में मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं और मेहनतकश जनता की एकजुटता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने मजदूरों और मेहनतकश लोगों से भगत सिंह के विचारों को समझने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा अन्याय और शोषण के खिलाफ संगठित संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में इंकलाबी मजदूर केन्द्र के पंकज कुमार, जन अधिकार संगठन की जिला कमेटी के सचिव विश्वजीत देवा, ओमपाल सिंह, मो. जोक, कपिलदेव ठाकुर, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की महासचिव नीता, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के संयोजक नासिर अहमद सहित संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा से जुड़ी विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा भेल मजदूर ट्रेड यूनियन (BMTU) के महामंत्री अवधेश कुमार तथा फूड्स श्रमिक यूनियन आईटीसी के कार्यकारिणी सदस्य सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े मजदूर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का समापन भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों को जनता तक पहुंचाने और मजदूर-मेहनतकश जनता की एकजुटता को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। अंत में “जागो फिर एक बार… जागो जागो रे…” क्रांतिकारी गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “मजदूर राज समाजवाद जिंदाबाद” और “शहीदे-आजम भगत सिंह अमर रहें” जैसे नारे लगाए

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *