हरिद्वार की पवित्रता पर नशे का साया, सावक मंच ने SSP से मांगी सख्त कार्रवाई

गली-मोहल्लों में कथित अवैध नशे के कारोबार को लेकर जताई चिंता, चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में SSP नवनीत सिंह भुल्लर को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। पौराणिक एवं विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार में कथित रूप से फैल रहे अवैध नशे के कारोबार को लेकर राष्ट्रीय सावक मंच ने मोर्चा खोल दिया है। मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात कर तीर्थनगरी के गली-मोहल्लों में अवैध नशे की बिक्री पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंच ने नशे के साथ-साथ जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।

मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि हरिद्वार केवल एक शहर नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। मां गंगा के तट पर बसी इस पवित्र नगरी में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रत्येक 12 वर्ष में कुंभ और छह वर्ष में अर्धकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों के कारण हरिद्वार की पहचान विश्व की प्रमुख तीर्थनगरी के रूप में है। ऐसे में यहां नशे, जुए और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों को लेकर सामने आने वाली शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं।

युवाओं के भविष्य को लेकर जताई गहरी चिंता

ज्ञापन के माध्यम से चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार की पवित्र भूमि पर जन्म लेकर कर्म करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है, लेकिन यदि तीर्थनगरी के गली-मोहल्लों में अवैध नशे का कारोबार संचालित होने की शिकायतें सामने आती हैं तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में सबसे ज्यादा युवा पीढ़ी प्रभावित होती है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को प्रभावित करने के साथ ही युवाओं के भविष्य पर भी गंभीर असर डाल सकती है। इसलिए प्रशासन को इस दिशा में समय रहते प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

“अन्याय को देखते रहना भी अन्याय को बढ़ावा देना है”

चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि समाज में गलत गतिविधियों को देखकर भी यदि लोग मौन बने रहते हैं तो कहीं न कहीं वे भी उस व्यवस्था का हिस्सा बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा—

“समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध,
जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि मंच का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि तीर्थनगरी की गरिमा, सामाजिक मर्यादा और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना है।

SSP ने लिया ज्ञापन का संज्ञान

मंच के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए अवैध नशे के कारोबार से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

मंच के अनुसार, SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने ज्ञापन का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सावक मंच ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी एवं गश्त बढ़ाने, अवैध नशे की बिक्री से जुड़ी शिकायतों की जांच करने तथा कानून के दायरे में आने वाले मामलों में सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

“तीर्थनगरी की गरिमा और युवाओं का भविष्य बचाना जरूरी”

चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार की पहचान उसकी आध्यात्मिक विरासत और मां गंगा से जुड़ी आस्था से है। तीर्थनगरी की पवित्रता एवं सामाजिक मर्यादा बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशे, जुए या सट्टे जैसी गतिविधियों की जानकारी सामने आती है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग एवं पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है और हरिद्वार को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

ज्ञापन देने वालों में सावक मंच के जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, महामंत्री विशाल यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष शिवम कौशिक, महामंत्री सनी भाटिया, उपाध्यक्ष रोहित पेवल सहित मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *