ज्वालापुर के बड़ा वाला में सपा की पंचायत, सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा; पीडीए के हक-अधिकार की लड़ाई का किया दावा

रिपोर्टर – सबोध शर्मा

हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ा वाला में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत का आयोजन समाजवादी पार्टी हरिद्वार की पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन देवी के द्वारा कराया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शुभम गिरी ने की। पंचायत में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों के साथ पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पंचायत के दौरान स्थानीय समस्याओं, क्षेत्र के विकास और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शुभम गिरी ने उत्तर प्रदेश की पिछली समाजवादी सरकार के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने मौजूदा प्रदेश सरकार पर आम जनता की अनदेखी करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में विफल रहने का आरोप लगाया। शुभम गिरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नो ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर पीडीए समाज की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के लोगों को अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी और उनकी आवाज सदन से लेकर सड़क तक उठाई जाएगी।
पंचायत में सपा नेता महिपाल चौधरी सहित अन्य नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए एकजुट होकर संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सपा नेता नेपाल चौधरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *