हरिद्वार | समाचार प्रहरी 24 हरिद्वार जनपद में अपराधों पर लगाम कसने और बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रानीपुर पुलिस ने रविवार सुबह बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाकर इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान अशोक वाटिका, सांईधाम कॉलोनी, प्रीत विहार, सुमननगर और औद्योगिक क्षेत्र में घर-घर जाकर किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, रेहड़ी-ठेली वालों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर जांच करते हुए कुल 185 लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान कई मकान मालिक ऐसे मिले जिन्होंने बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार और घरेलू नौकर रखे हुए थे। इस पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 09 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत 90 हजार रुपये के कोर्ट चालान कर दिए। इतना ही नहीं, क्षेत्र में बिना सत्यापन घूम रहे 06 संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत 1500 रुपये के नगद चालान काटे। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल देखने को मिला। रानीपुर पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को जागरूक भी किया और साफ निर्देश दिए कि सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन न कराने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस का मानना है कि सत्यापन अभियान से अपराधों पर नियंत्रण लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। खासकर बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित होने से चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।कार्यवाही का विवरण 09 कोर्ट चालान — धारा 83 पुलिस अधिनियम
कुल जुर्माना — ₹90,00006 नगद चालान — धारा 81 पुलिस अधिनियमकुल नगद जुर्माना — ₹1500
अभियान में शामिल पुलिस टीम,
मनोहर सिंह भण्डारी — प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर उ0नि0 अर्जुन कुमार — चौकी प्रभारी सुमननगर
उ0नि0 पूजा पाण्डेय
उ0नि0 प्रियंका इजराल
अ0उ0नि0 सोनिया कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम

