लक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आमजन की सतर्कता से दो आरोपी गिरफ्तार
समाचार प्रहरी 24 / ब्यूरो रिपोर्ट / हरिद्वार | के लक्सर क्षेत्र से बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। लक्सर पुलिस ने आमजन की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी किए गए करीब 120 मीटर एलटी लाइन के एबीसी वायर के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को ग्राम गंगनौली निवासी जोनी उर्फ रविकांत ने अपने साथियों के साथ सूचना दी कि दो व्यक्ति बिजली का तार चोरी कर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने खेत से गुजर रही चलती विद्युत लाइन से तार काटकर चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विनित को लाइनमैन के काम का अनुभव है और उसे चलती विद्युत लाइन पर काम करने की जानकारी थी। इसी अनुभव का इस्तेमाल कथित तौर पर बिजली के तार काटकर चोरी करने में किया जाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 120 मीटर एलटी लाइन का एबीसी वायर बरामद किया है। मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 857/26, धारा 305(2)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनित पुत्र सोनू, निवासी करणपुर थाना खानपुर और विकास पुत्र अनिल कुमार, निवासी करणपुर थाना खानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तार चोरी की अन्य घटनाओं में इनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
इस कार्रवाई में व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और कांस्टेबल अक्षय तोमर शामिल रहे।

