अधिवक्ता रेशु नेहरा की याचिका पर बड़ा आदेश, फर्जी मार्कशीट से PNB में नौकरी पाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

हरिद्वार। फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के आधार पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में नौकरी हासिल करने के आरोप से जुड़े एक मामले में हरिद्वार न्यायालय ने थाना श्यामपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय के आदेश के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी पक्ष की ओर से अधिवक्ता रेशु नेहरा ने न्यायालय में प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि जसबीर पुत्र सूचा सिंह, निवासी गैंडी खाता, थाना श्यामपुर, हरिद्वार ने कथित रूप से फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पंजाब नेशनल बैंक में नौकरी प्राप्त की।
याचिका में दावा किया गया है कि आरोपी ने वर्ष 1998 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल परीक्षा में अपनी जन्मतिथि 01 दिसंबर 1978 अंकित कराई थी। आरोप है कि बाद में वर्ष 2004 में फर्जी तरीके से जन्मतिथि बदलकर 11 अप्रैल 1987 दर्शाते हुए गुरुकुल विश्वविद्यालय, वृंदावन (मथुरा) से नया अंकपत्र तैयार कराया गया और उसी के आधार पर बैंक में नौकरी हासिल की गई।
वादी पक्ष ने न्यायालय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने प्रथम दृष्टया जांच की आवश्यकता मानते हुए थाना अध्यक्ष श्यामपुर, हरिद्वार को प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अब इस मामले में पुलिस न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जांच शुरू करेगी। जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए शैक्षणिक दस्तावेजों, जन्मतिथि संबंधी रिकॉर्ड और नौकरी से जुड़े अभिलेखों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *