हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित शिव विहार आर्य नगर के श्री बालाजी मंदिर में मूर्ति स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण एवं विश्व शांति की कामना के साथ अखंड रामायण पाठ और हवन-पूजन का भव्य आयोजन किया गया। श्री राम भक्त बालाजी प्रार्थना धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि श्री बालाजी महाराज अपने भक्तों के सभी कष्टों का निवारण करने वाले देव हैं। उन्होंने कहा कि पंचपुरी हरिद्वार में स्थापित यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और सनातन संस्कृति का निरंतर विस्तार हो रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के महंत एवं प्रबंधक महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि इस मंदिर में मेहंदीपुर बालाजी की तरह श्रद्धालुओं के संकटों का निवारण हो रहा है। उन्होंने मंदिर की स्थापना में योगदान देने वाले ट्रस्ट के संस्थापक एवं सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
ट्रस्ट के संस्थापक आर. एस. विश्वकर्मा (गुरुजी) ने कहा कि कलयुग में श्री बालाजी महाराज जागृत देवता हैं और उनके दर्शन मात्र से भक्तों के कष्ट, रोग एवं बाधाएं दूर होती हैं तथा सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं।

ट्रस्ट अध्यक्ष कुशल पाल सिंह चौहान ने कहा कि श्री बालाजी मंदिर आज श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां सच्चे मन से आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उन्हें जीवन की कठिनाइयों से लड़ने की नई ऊर्जा एवं आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार को भी बढ़ावा देना है। भविष्य में भी जनकल्याण और समाजहित के लिए ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
वहीं ट्रस्ट के सचिव अविनेश कौशिक ने बताया कि मूर्ति स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य समाज में सुख, शांति, समृद्धि और धार्मिक जागरूकता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट आगे भी इसी प्रकार के सेवा और धर्म से जुड़े आयोजनों को निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर पार्षद पिंकी चौधरी, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष आशीष ढल्ला, डॉ. केपीएस चौहान, प्रवीण कुमार चौहान, नरेंद्र कुमार ढल्ला, गोपाल सिंह, हरीश कुमार बाली, विनीत सैनी, मुकेश जैन, मोतीलाल, राजेंद्र सिंह, योगेश चौहान, अरुण चुघ, विनीत चौहान, रामविलास कुशवाहा, अतुल चौहान, सीमा चौहान, सुषमा चौहान, वैभव दत्त सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

