विष्णुलोक कॉलोनी निवासी ज्वैलर्स पर मुकदमा 12 तोले नकली आभूषण बेचने के आरोप

ज्वैलर्स पर 12 तोले के फर्जी आभूषण बेचने का आरोप, बदलने के बहाने ग्राहक के गहने भी रखे

बैंक जांच में खुली पोल, लोन लेने पहुंचे ग्राहक को लगा बड़ा झटका

हरिद्वार | हरिद्वार में नकली आभूषण बेचने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शहर के सर्राफा कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पथरी पावर हाउस स्थित एक ज्वैलर्स पर ग्राहक को लाखों रुपये के नकली सोने के आभूषण बेचने और बाद में शिकायत करने पर गहने बदलने के नाम पर अपने पास रख लेने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2020 और 2022 में खरीदे थे करीब 12 तोले सोने के आभूषण

दादूपुर गोविंदपुर निवासी तोफीक अहमद पुत्र यूनुस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 और 2022 में पथरी पावर हाउस स्थित तृप्ति ज्वैलर्स से करीब 12 तोले सोने के आभूषण खरीदे थे। ज्वैलर्स के मालिक अजय वर्मा निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, रानीपुर ने उन्हें असली सोना बताकर गहने बेचे थे।

तोफीक अहमद के अनुसार कुछ समय बाद जब उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो वह आभूषण गिरवी रखकर बैंक से लोन लेने पहुंचे। लेकिन बैंक में जांच के दौरान उन्हें बड़ा झटका लगा। बैंक अधिकारियों ने जांच के बाद आभूषणों को नकली बताया।

शिकायत करने पहुंचे तो बदलने का झांसा देकर रख लिए गहने

पीड़ित का आरोप है कि बैंक से जानकारी मिलने के बाद वह सीधे ज्वैलर्स अजय वर्मा के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। इस दौरान ज्वैलर्स ने गलती मानते हुए आभूषण बदलकर नए देने की बात कही और पुराने गहने अपने पास रख लिए।लेकिन इसके बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। न तो नए आभूषण लौटाए गए और न ही पैसे वापस किए गए। काफी समय तक चक्कर काटने के बाद पीड़ित ने आखिरकार पुलिस की शरण ली।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

सर्राफा कारोबार पर उठे सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर प्रतिष्ठित दुकानों पर भी नकली आभूषण बेचे जा रहे हैं तो आम ग्राहक कैसे भरोसा करेगा। वहीं पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं और ग्राहकों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी तो नहीं हुई।

ग्राहकों को सावधान रहने की जरूरत

विशेषज्ञों का कहना है कि सोने के आभूषण खरीदते समय ग्राहकों को हमेशा हॉलमार्क और बिल की जांच करनी चाहिए। साथ ही किसी भी बड़े लेनदेन से पहले आभूषण की शुद्धता की पुष्टि कर लेना बेहद जरूरी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *