समाचार प्रहरी 24 | हरिद्वार, 04 मई 2026।
जनपद हरिद्वार की कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गौकशी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर गैंग के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गौकशी में संलिप्त चार आरोपियों का आपराधिक इतिहास एकत्र कर गैंगचार्ट तैयार किया गया तथा अनुमोदन के उपरांत कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 144/2026 धारा 2(b)(xi)(26)(27)/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 03 मई 2026 की रात्रि में दबिश देकर गैंग के सरगना अनीश पुत्र मौ. उमर निवासी ग्राम सलेमपुर, कोतवाली रानीपुर, उम्र 46 वर्ष तथा उसके दो साथियों मौ. उमेर पुत्र अनीस, उम्र 21 वर्ष एवं मुसर्रत पुत्र अख्तर, उम्र 29 वर्ष को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार उक्त आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी गौकशी एवं पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2019, 2022, 2023 एवं 2025 के अभियोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल कुलदीप सिंह, सुरेन्द्र तोमर, गिरेन्द्र तथा बीरेन्द्र जोशी शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

