हरिद्वार में नशे के खिलाफ राष्ट्रीय सावक मंच का जनजागरण अभियान शुरू, अर्धकुंभ से पहले सख्त कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। राष्ट्रीय सावक मंच के संयोजक एवं भारतीय हिंदूवाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में हरिद्वार में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ “हर घर-हर जन जनजागरण अभियान” की शुरुआत की गई। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की और सामाजिक सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार में चरस, स्मैक, अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं वेश्यावृत्ति जैसी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जो शहर की धार्मिक संस्कृति, सामाजिक गरिमा और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ के मद्देनज़र प्रशासन को अभी से व्यापक अभियान चलाकर हरिद्वार को नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। उनका कहना था कि हरिद्वार की पहचान विश्वभर में आस्था और आध्यात्मिकता के केंद्र के रूप में है, इसलिए यहां का वातावरण भी उसी अनुरूप सुरक्षित और पवित्र होना चाहिए।
कौशिक ने आरोप लगाया कि शाम होते ही रोड़ी बेलवाला घाट से लेकर अलकनंदा क्षेत्र तक कई स्थानों पर नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को असुविधा और भय का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि गंगा घाटों पर फैली अव्यवस्थाएं और गंगा में गिरते गंदे नालों की समस्या भी गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सावक मंच एवं भारतीय हिंदूवाहिनी द्वारा शुरू किया गया यह जनजागरण अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान शहर के बुद्धिजीवियों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों से संवाद कर सहयोग एवं समर्थन प्राप्त किया जा रहा है। जनजागरण के बाद प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए व्यापक जनआंदोलन भी चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान हिंदी साहित्यकार एवं एस.एम. जैन पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अशोक मिश्र, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सत्यनारायण शर्मा, हाईकोर्ट नैनीताल के अधिवक्ता नरेंद्र बाली, चेतन ज्योति आश्रम के परमाध्यक्ष महंत ऋषिशरणानंद, अपर रोड के व्यापारी तथा श्रवणनाथ नगर के युवाओं और महिलाओं से विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कीर्तिकांत शर्मा, विशाल यादव, शिवम कौशिक, शरद अग्रवाल, विपिन सती, विनोद जैन, साहिल बग्गा, सनी भाटिया, संजय गुप्ता, राजीव अरोड़ा सहित राष्ट्रीय सावक मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *