युवक की मौत के बाद एसएसपी सख्त, चौकी प्रभारी समेत पांच कर्मियों पर गिरी गाज
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में युवक बालम सिंह बिष्ट की आत्महत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खैरना चौकी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बेतालघाट क्षेत्र के लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट 28 अप्रैल को खैरना इलाके में नदी और पहाड़ियों का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। पुलिस ने युवक का मेडिकल कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसका चालान कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
परिजनों के मुताबिक घर लौटते समय बालम सिंह ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर बताया था कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसका सिम कार्ड तोड़ दिया और उसके पास रखे पांच हजार रुपये भी छीन लिए। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद युवक मानसिक तनाव में आ गया था।
कुछ समय बाद बालम सिंह ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मौत से पहले छोड़े गए सुसाइड नोट में उसने पुलिसकर्मियों की प्रताड़ना को अपनी मौत की वजह बताया। जैसे ही सुसाइड नोट सामने आया, पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और पूरे मामले ने राजनीतिक और सामाजिक रंग पकड़ लिया।
मृतक की बहन मुन्नी जलाला की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चौकी प्रभारी रमेश पंत, एक महिला पुलिसकर्मी और तीन अन्य कर्मियों को लाइन हाजिर कर नई टीम तैनात कर दी है।
एसएसपी ने साफ कहा है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और जनता के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग लगातार निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक मामूली विवाद इतना बड़ा कैसे बन गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।
⚠️ अब सबकी नजर जांच पर टिकी है…क्या इस मामले में पूरा सच सामने आएगा या फिर मामला समय के साथ दब जाएगा?

