हरिद्वार, ज्वालापुर | दिनांक 03 मई 2026
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। ज्वालापुर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को दिव्या चौहान निवासी सीतापुर ज्वालापुर ने अपने पति रवि चौहान (44 वर्ष) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के दौरान 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस, रानीपुर क्षेत्र में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उनकी हत्या की गई है, जिसके बाद गुमशुदगी के मामले को हत्या में तब्दील कर जांच शुरू की गई।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का पंकज शर्मा के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पंकज शर्मा ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने ज्वालापुर निवासी दानिश अली और नदीम को 1.5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई।
पहले ही पुलिस दानिश अली और नदीम को 23 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में उन्होंने पंकज शर्मा और गौतम द्वारा सुपारी देने की बात कबूल की थी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
विवेचना अधिकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 मई 2026 को सिडकुल क्षेत्र के कोर्ट चौक से मुख्य आरोपी पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने भांजे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और सुपारी की रकम में से ₹40,000 पहले और ₹1,10,000 हत्या के बाद दिए गए थे।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया
गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
पंकज शर्मा (37 वर्ष)
निवासी – सीतापुर, ज्वालापुर, हरिद्वार
संबंधित धाराएं: मु0अ0सं0-234/2026
धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस
पुलिस टीम
व0उ0नि0 हर्ष अरोड़ा
कांस्टेबल 1384 ताजबर
कांस्टेबल चालक मुकेश कुमार
✍️ रिपोर्ट: समाचार प्रहरी 24 टीम
जमीन विवाद में रची खौफनाक साजिश — सुपारी देकर कराई हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

