हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार 2026” अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में रानीपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे 05 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल देखने को मिल रहा है, जबकि कई आरोपी गिरफ्तारी के डर से स्वयं न्यायालय में सरेंडर करने लगे हैं।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार जनपद और गैर जनपदों में दबिश देकर वारंटियों की तलाश की जा रही है। बीते दिन भी रानीपुर पुलिस ने 09 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जिसके बाद लगातार दूसरे दिन भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 और वारंटियों को उनके घरों और संभावित ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 23 मई एवं 24 मई 2026 को विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने सलेमपुर, शिवालिक नगर और विष्णुलोक कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इसी दौरान मा. न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहला वारंटी धर्मबीर पुत्र मोहल्ड सिंह निवासी ग्राम सलेमपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार है, जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ वाद संख्या 892/2025 धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत न्यायालय से वारंट जारी था। वहीं दूसरी गिरफ्तारी प्रकाश चन्द पुत्र दर्शन निवासी पी-138 शिवालिक नगर, रानीपुर की हुई, जिसकी उम्र 42 वर्ष है और उसके खिलाफ वाद संख्या 4745/2024 धारा 9,10,41,42 इंडियन फॉरेस्ट एक्ट के तहत कार्रवाई चल रही थी।
इसके अलावा पुलिस ने विष्णुलोक कॉलोनी निवासी दिपांशु पुत्र हरेन्द्र को भी गिरफ्तार किया, जो वाद संख्या 3933/24 धारा 323, 504 और 506 भादवि के मामले में वांछित चल रहा था। इसी मुकदमे में आरोपी अंकित भण्डारी पुत्र राजेन्द्र निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, उम्र 26 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दिलीप कौर पुत्र स्वर्गीय मंजीत सिंह निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, उम्र 40 वर्ष को भी दबोचा, जिसके खिलाफ वाद संख्या 3312/24 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत न्यायालय से वारंट जारी था।
रानीपुर पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी वारंटी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का मानना है कि लगातार हो रही गिरफ्तारी से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है और कई लोग गिरफ्तारी के डर से खुद अदालत पहुंचकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल अजय, कांस्टेबल सर्वजीत सिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र राणा एवं महिला होमगार्ड लक्ष्मी की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा लगातार दिन-रात की जा रही कार्रवाई की स्थानीय लोग भी सराहना कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों, वारंटियों और कानून से बचने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस का लगातार एक्शन, 24 घंटे में फिर दबोचे 05 वारंटी

