मुनिकीरेती-ढालवाला। सेवानिवृत्त राजकीय शिक्षक एवं राजकीय पेंशनर्स संगठन मुनिकीरेती-ढालवाला के सह संयोजक 74 वर्षीय श्री रामेश्वर दयाल वेदी के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मूल रूप से कांधला, मुजफ्फरनगर निवासी श्री वेदी लंबे समय से शांति नगर, ढालवाला में निवास कर रहे थे।
उनका अंतिम संस्कार चंद्रेश्वर घाट पर किया गया, जहां उनके इकलौते पुत्र आदित्य ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनके निधन की खबर से परिवार, शिक्षक समाज, पेंशनर्स संगठन और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।
राजकीय पेंशनर्स संगठन मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने श्री वेदी को ईमानदार, निष्ठावान, मृदुभाषी और आदर्श शिक्षक बताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और सरल व्यक्तित्व को सदैव याद किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री रामेश्वर दयाल वेदी का निधन शिक्षक समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका मिलनसार व्यवहार, सामाजिक सरोकार और सरल कार्यशैली हमेशा लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी।
परिवार की ओर से बताया गया है कि 27 अगस्त को रस्म पगड़ी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें परिजन, रिश्तेदार, शिक्षक समाज, पेंशनर्स संगठन के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर दयाल वेदी के निधन से ढालवाला में शोक की लहर

