जसवाला। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जसवाला में विद्यार्थियों के लिए सहभागितापूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, सही तरीके से हाथ धोने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन HCLTech Grant Foundation के सहयोग से श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण के सामान्य लक्षण, बचाव के उपाय, हाथों की स्वच्छता और निवारक स्वास्थ्य उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को रोचक और व्यावहारिक बनाने के लिए ग्लिटर एवं साबुन के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि हाथों के जरिए संक्रमण किस प्रकार फैल सकता है और नियमित रूप से सही तरीके से हाथ धोना संक्रमण से बचाव में कितना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में पीएचसी जसवाला की चिकित्सा अधिकारी डॉ. नम्रता कंडवाल तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसवाला के प्रधानाचार्य श्री शुभम चंद्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. नम्रता कंडवाल ने विद्यार्थियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस), इसके बचाव तथा किशोर स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। जागरूकता सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों में कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही आदत और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता एवं समझ को मजबूत किया गया।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसवाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

