ज्वालापुर शाखा की प्रबंधक प्रतिभा गौतम पर गंभीर आरोप, पीड़ित बोला- बिना सूचना नीलाम कर दिए पत्नी के मंगलसूत्र समेत सभी जेवर
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड की शाखा के खिलाफ एक ग्राहक द्वारा गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने उसके गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों को बिना पूर्व सूचना और अनुमति के नीलाम कर दिया। मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार से न्याय की गुहार लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता तुषार गौड़ निवासी भीमगोड़ा, हरिद्वार के अनुसार उन्होंने 30 नवंबर 2024 को मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड की ज्वालापुर शाखा से 85,025 रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसके बदले उन्होंने करीब 18.7 ग्राम सोने के आभूषण गिरवी रखे थे। इन आभूषणों में एक जोड़ी कान के कुण्डल, दो महिला अंगूठियां, एक पुरुष अंगूठी और पत्नी का मंगलसूत्र शामिल था।
अपनी शिकायत में तुषार गौड़ ने दावा किया है कि लोन लेने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके कारण उन्हें लंबे समय तक अस्पताल और नशा मुक्ति केंद्र में उपचार कराना पड़ा। स्वस्थ होने के बाद जनवरी 2026 में वह बकाया ऋण और ब्याज की पूरी रकम जमा कर अपने आभूषण वापस लेने मुथूट फिनकॉर्प की ज्वालापुर शाखा पहुंचे, लेकिन शाखा कर्मचारियों द्वारा उन्हें बार-बार अलग-अलग तिथियां देकर वापस भेजा जाता रहा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शाखा में कई बार जाने के बावजूद उन्हें उनके आभूषणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। तुषार गौड़ ने दावा किया है कि 17 मार्च 2026 को उनके बैंक खाते में मुथूट फिनकॉर्प की ओर से एक लाख रुपये जमा किए गए। अगले दिन जब उन्होंने शाखा में जाकर इसकी जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि उनके गिरवी रखे गए सोने के आभूषण नीलाम किए जा चुके हैं और नीलामी की राशि उनके खाते में भेज दी गई है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में ज्वालापुर शाखा की प्रबंधक प्रतिभा गौतम पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि न तो उन्हें और न ही उनकी पत्नी को सोने के आभूषणों की नीलामी से पूर्व कोई नोटिस, कॉल या अन्य सूचना दी गई। उनका कहना है कि वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार उनके आभूषणों की कीमत लगभग तीन लाख रुपये के आसपास थी, जबकि उन्हें केवल एक लाख रुपये दिए गए।
तुषार गौड़ का कहना है कि उनकी पत्नी का मंगलसूत्र और अन्य आभूषण केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से भी परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी की कथित कार्यप्रणाली के कारण उनके परिवार को आर्थिक, मानसिक और सामाजिक क्षति उठानी पड़ी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने 17 जून 2026 को इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसएसपी हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह सभी आरोप और दावे शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड, ज्वालापुर शाखा की प्रबंधक प्रतिभा गौतम अथवा कंपनी के किसी अधिकृत प्रतिनिधि का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

