डीएम अंशुल सिंह का बड़ा एक्शन : नाबालिग को सिगरेट बेचते ही दुकानदार दबोचा”

अल्मोड़ा में जिलाधिकारी ने खुद संभाला मोर्चा, बच्चों को नशे से बचाने के लिए दिखाई सख्ती
अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह एक बार फिर अपने सख्त और जनहितैषी रवैये को लेकर चर्चा में हैं। डायट मैदान के निरीक्षण के दौरान मिली शिकायत पर डीएम ने बिना देर किए खुद कार्रवाई की और नाबालिग बच्चों को सिगरेट बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी को क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नशा किए जाने और बच्चों के सिगरेट पीने की सूचना दी। शिकायत मिलते ही डीएम अंशुल सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली।
बच्चों द्वारा बताई गई दुकान तक डीएम खुद अपने वाहन से पहुंचे। मामले की पुष्टि के लिए उन्होंने एक बच्चे को दुकान से सिगरेट खरीदने भेजा। जैसे ही दुकानदार ने नाबालिग को सिगरेट बेची, डीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकानदार को पकड़ लिया और कड़ी फटकार लगाई।
मौके पर पुलिस को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम अंशुल सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि नाबालिग बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखना केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। साथ ही आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।
डीएम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *