लक्सर में सनसनीखेज खुलासा: सत्संगी बाबा निकला फायरिंग का मास्टरमाइंड

हरिद्वार/लक्सर, 01 मई 2026: हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में डॉक्टर पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में एक कथित सत्संगी बाबा को हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जिसने अपने चेले के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

कोतवाली लक्सर पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने परिजनों व साथियों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल बहादराबाद से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाडीटीप के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे पहले 14 अप्रैल 2026 को भी दाबकी कलां गांव के पास डॉक्टर की गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। उस समय घटना स्पष्ट नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में गाड़ी में गोली के निशान और बुलेट मिलने से यह पुष्टि हुई कि डॉक्टर पहले से ही हमलावरों के निशाने पर थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर लक्सर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष), निवासी ग्राम भिक्कमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UK08 BE 2801) और 315 बोर का अवैध असलाह बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि वह और उसका परिवार एक कथित बाबा के सत्संग में जाते थे और पिछले करीब तीन वर्षों से उसके संपर्क में थे। इसी दौरान उसकी बाबा से नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी के मुताबिक, बाबा ने करीब 5-6 महीने पहले ही डॉ. सुमित कुमार को मारने की योजना बनाई थी।

योजना के तहत 14 अप्रैल को बाबा ने शुभम को लक्सर बुलाया और दोनों ने मिलकर डॉक्टर की गाड़ी पर 2-3 राउंड फायरिंग की। इसके बाद 27 अप्रैल को फिर से मौका पाकर बाडीटीप के पास डॉक्टर की कार का पीछा करते हुए उस पर करीब 4 राउंड फायर किए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।

फिलहाल पुलिस मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे बाबा की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

बरामदगी:

घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK08 BE 2801315 बोर अवैध असलाह

पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी, एसआई यशवीर नेगी (चौकी इंचार्ज भिक्कमपुर), हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल गंगा, कांस्टेबल धवजवीर, सीआईयू टीम के मनमोहन भंडारी और महिपाल तोमर सहित अन्य पुलिसकर्मी

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *