प्रेमनगर क्षेत्र में वारदात के बाद एनकाउंटर, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज
समाचार प्रहरी 24/ देहरादून, संवाददाता:
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात हुई लूट की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
घटना का विवरण:
पुलिस कंट्रोल रूम को देर रात सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां घायल अवस्था में मिले व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया।
पीड़ित के अनुसार, काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए।
पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़:
घायल को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस टीम बदमाशों के बताए गए दिशा में पीछा करने निकली। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।
इलाज के दौरान बदमाश की मौत:
घायल थाना प्रभारी, पीड़ित देवराज और बदमाश को तुरंत प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।

अधिकारी मौके पर पहुंचे:
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सर्च ऑपरेशन जारी:
पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
पुलिस का बयान:
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

