हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी को तमंचा, जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता, सीसीटीवी फुटेज और लगातार दबिश के बाद मामले का खुलासा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकोलकला मंगलौर निवासी विजय भाई पुत्र स्वर्गीय कर्ण सिंह ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी का पीछा करते हुए फायरिंग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और फील्ड यूनिट की मदद से वाहन का निरीक्षण कराया, जिसमें गोली चलने की पुष्टि हुई। लगातार दबिश और जांच के दबाव में आरोपी 24 मई की रात स्वयं काले रंग की स्कॉर्पियो और घटना में प्रयुक्त 315 बोर तमंचा व एक जिंदा कारतूस लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजीत पुत्र ओंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी शांतरशाह थाना बहादराबाद हरिद्वार उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK08BE 2002, एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज और कांस्टेबल बलवंत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहादराबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
बहादराबाद पुलिस का बड़ा खुलासा” गोलीकांड का आरोपी तमंचा और स्कॉर्पियो सहित गिरफ्तार

