“ATM में मदद” के बहाने करते थे खातों पर डाका… बहादराबाद पुलिस ने दबोचे दो शातिर ठग

बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे निशाना, 17 ATM कार्ड और बिना नंबर प्लेट बाइक बरामद


समाचार प्रहरी 24 | हरिद्वार
हरिद्वार में ATM बूथों के बाहर घूम रहे दो ऐसे शातिर ठग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जो “मदद” के नाम पर लोगों के बैंक खातों पर हाथ साफ कर रहे थे। बहादराबाद पुलिस ने SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए ATM फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपी खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को अपना आसान शिकार बनाते थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी ATM बूथों के बाहर घंटों रेकी करते थे। जैसे ही कोई बुजुर्ग या परेशान व्यक्ति ATM इस्तेमाल करने पहुंचता, ये मददगार बनकर उसके पास पहुंच जाते। बातों में उलझाकर चुपचाप ATM कार्ड बदल लेते और बाद में खाते से रकम उड़ाकर फरार हो जाते।
08 मई 2026 को बहादराबाद पीपल चौक स्थित SBI ATM के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। भागने के दौरान बाइक फिसल गई और दोनों झाड़ियों की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ शिव निवासी फेरुपुर पथरी और मधुसूदन उर्फ मनोज निवासी गढ़मीरपुर रानीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए। आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के कुल 17 ATM कार्ड, दो मोबाइल फोन, नकदी और बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे पहले भी ATM बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद जेल से बाहर आते ही फिर से ठगी के धंधे में सक्रिय हो गए थे। घटना वाले दिन भी दोनों किसी नए शिकार की तलाश में ATM बूथ के आसपास मंडरा रहे थे, लेकिन बहादराबाद पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
17 संदिग्ध ATM कार्ड
बिना नंबर प्लेट पल्सर मोटरसाइकिल
02 मोबाइल फोन
₹900 नकद
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह
उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज
कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल मुकेश नेगी
कांस्टेबल नितुल यादव

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *