हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.57 ग्राम अवैध स्मैक तथा स्मैक बेचकर कमाई गई नकदी बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में दिनांक 06 मई 2026 की रात पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पल्टूराम चौक के पास स्थित मैदान से एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मयंक उर्फ करन पुत्र ललित कुमार निवासी ग्राम अतमलपुर बौंगला थाना बहादराबाद जनपद हरिद्वार उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 12.57 ग्राम अवैध स्मैक और 300 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार यह रकम स्मैक बेचकर कमाई गई थी।
पूछताछ में आरोपी मयंक उर्फ करन ने बताया कि वह यह स्मैक रावली महदूद क्षेत्र से एक युवक से खरीदकर लाया था और इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर 300 रुपये प्रति बिट के हिसाब से बेचता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह एक बिट स्मैक पहले ही बेच चुका था और बरामद 300 रुपये उसी बिक्री की रकम है।
रानीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 149/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मयंक उर्फ करन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना बहादराबाद में चोरी, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य नशा तस्करों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मनोहर सिंह भण्डारी, अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल बीर सिंह तथा कांस्टेबल अर्जुन सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

