लक्सर में पत्रकारिता को शर्मसार करने वाला मामला

हरिद्वार/लक्सर। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, जिसका उद्देश्य समाज की आवाज उठाना और सच्चाई को सामने लाना है। लेकिन लक्सर में एक मिल के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सामने आए घटनाक्रम ने पत्रकारिता की मर्यादा और स्वतंत्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, रुड़की और हरिद्वार से कुछ पत्रकार एक मिल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद स्थानीय पत्रकारों ने बाहरी पत्रकारों को दौड़ा दिया और यह कहकर उन्हें रोकने की कोशिश की कि लक्सर में बाहर के पत्रकार पत्रकारिता नहीं कर सकते।

यदि ये आरोप सही हैं, तो यह पत्रकारिता की स्वतंत्रता और आपसी भाईचारे पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या अब पत्रकारिता भी किसी क्षेत्र विशेष की जागीर बनती जा रही है? क्या किसी दूसरे शहर से आने वाले पत्रकार को खबर कवरेज करने से रोकना उचित है?

स्थानीय लोगों ने कहा

जिस तरह किन्नर लोग अपने-अपने क्षेत्र निर्धारित कर लेते हैं, उसी तरह पत्रकारिता में भी क्षेत्रीय वर्चस्व कायम करने की कोशिश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पत्रकारों के बीच इस तरह का व्यवहार न केवल पत्रकारिता की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि समाज में मीडिया की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है।

पत्रकारिता किसी एक शहर, संगठन या व्यक्ति की बपौती नहीं है। खबरों पर किसी का एकाधिकार नहीं हो सकता। पत्रकार का काम सच को सामने लाना है, न कि दूसरे पत्रकारों को अपने क्षेत्र से खदेड़ना।

सवाल उन लोगों से, जो खुद को पत्रकारिता का ठेकेदार समझते हैं!

अगर लक्सर में बाहरी पत्रकारों के काम करने पर रोक लगाई जा रही है, तो यह अधिकार उन्हें किसने दिया? क्या पत्रकारिता के लिए भी अब क्षेत्रीय सीमाएं तय होंगी? क्या लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में भी आपसी प्रतिस्पर्धा की जगह दबंगई ले रही है?

पत्रकारिता को कलंकित करने वाले ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पक्षों का बयान सामने आना चाहिए। पत्रकारिता का सम्मान तभी बना रह सकता है, जब पत्रकार एक-दूसरे की स्वतंत्रता का सम्मान करें और खबरों को व्यक्तिगत वर्चस्व की लड़ाई न बनाएं।

याद रखिए—पत्रकारिता किसी क्षेत्र की जागीर नहीं, जनता की आवाज है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *