हरिद्वार, 18 जून 2026। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रानीपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे शातिर आरोपी पंकज पुत्र राजेन्द्र (26 वर्ष), निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार को कृपाल आश्रम स्थित ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मु0अ0सं0 28/26 धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई करते हुए उसे धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, कांस्टेबल प्रेम सिंह और विवेक गुसाईं की टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार पंकज लंबे समय से अपने साथियों के माध्यम से थाना रानीपुर और थाना सिडकुल क्षेत्र में अवैध स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था तथा पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध थाना रानीपुर में मु0अ0सं0 159/23 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, जबकि थाना सिडकुल में मु0अ0सं0 167/24 धारा 29 एनडीपीएस एक्ट एवं मु0अ0सं0 448/24 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक शातिर अपराधी है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

