उत्तराखंड ब्यूरो — राजकुमार
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के संजय नगर टीबड़ी में सामने आए मारपीट के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पीड़िता नीशु ने मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखते हुए भाजपा पार्षद अनिल, उनके पुत्र और अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवती के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे भाजपा पार्षद अनिल, उनके पुत्र उदय, भतीजे फुक्की, लक्की, कार्तिक पुत्र हेमराज, रिंकू समेत करीब 20 से 25 लोग उसके घर में पहुंचे। युवती का दावा है कि इसके बाद उसके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
मीडिया के सामने दिए अपने बयान में युवती ने आरोप लगाया कि पार्षद के पुत्र ने उसकी छाती पर हाथ मारा और उसे नीचे गिराकर पेट में लात मारी, जिससे उसे चोटें आईं। युवती ने यह भी कहा कि उसके पैरालाइज पिता के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवती का कहना है कि घटना के बाद से उसका परिवार डरा हुआ है और वह पूरे मामले में न्याय चाहती है।
मीडिया के सामने आया युवती का पक्ष
इस मामले में अब युवती का बयान मीडिया के सामने आ चुका है। युवती ने घटना के संबंध में अपनी बात रखते हुए पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और उचित कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी पुलिस जांच का विषय है। दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद उसका पक्ष भी खबर में शामिल किया जाएगा।
निष्पक्ष जांच की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गंभीरता से जांच करने की अपेक्षा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार उचित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल युवती की शिकायत और मीडिया के सामने दिए गए बयान के बाद मामले की निष्पक्ष जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।

