हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध डेयरी को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल हरिद्वार के जिला सह गौ रक्षा प्रमुख कमल उलियान ने नगर निगम के नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार ज्वालापुर वार्ड नंबर 34, अंबेडकर नगर के समीप बकरा मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र में रहने वाले लोगों को लगातार गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा बना हुआ है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डेयरी संचालक द्वारा निर्धारित क्षमता से अधिक संख्या में गाय और भैंसों को रखा गया है। पशुओं से निकलने वाले मल-मूत्र एवं अन्य अपशिष्ट को सीधे नाले में छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि डेयरी संचालन के लिए आवश्यक विभागीय अनुमति नहीं ली गई है। कमल उलियान ने नगर आयुक्त से जनहित एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा अवैध डेयरी को बंद कराने की मांग की है।

