Haridwar | हरिद्वार जनपद के ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित बैरियर नंबर-6 में बुधवार को एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक युवक द्वारा कथित रूप से जहरीला केमिकल पी लेने से उसकी हालत नाजुक हो गई। युवक इस समय भूमानंद अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक किसी काम से क्षेत्र में स्थित स्वाति पाल डेरी पर पहुंचा था। इसी दौरान उसे प्यास लगी और उसने डेरी संचालक से पानी पीने की अनुमति मांगी। आरोप है कि अनुमति मिलने के बाद युवक ने वहां रखा एक तरल पदार्थ पानी समझकर पी लिया। लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। युवक को उल्टियां, बेचैनी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसे ICU में भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।
घटना के बाद पूरे ब्रह्मपुरी इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि आखिर खाद्य सामग्री की दुकान पर ऐसा संदिग्ध और खतरनाक केमिकल खुले में क्यों रखा गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह केमिकल किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हाथ लग जाता तो और भी बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फूड सेफ्टी DO महिमानंद जोशी द्वारा डेरी में रखे गए पदार्थों, कंटेनरों और संदिग्ध केमिकल की जांच की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि युवक ने आखिर कौन सा पदार्थ पिया और वह केमिकल डेरी में किस इस्तेमाल के लिए रखा गया था। साथ ही डेरी में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
वहीं परिजनों ने पुलिस और 112 सेवा पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस और 112 पर दी गई थी, लेकिन काफी देर तक कोई मदद मौके पर नहीं पहुंची। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर सहायता मिल जाती तो युवक की हालत इतनी गंभीर नहीं होती।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार में बड़ी लापरवाही! डेरी पर रखा संदिग्ध केमिकल पीने से युवक की हालत गंभीर, ICU में भर्ती

