समाचार प्रहरी 24 (पूजा अरोरा हरिद्वार) हरिद्वार। न्यायालय से जारी वारंटों की तामील को लेकर रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस ने 20 और 21 अगस्त की रात अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंतरिक्ष पुत्र बालकिशन निवासी टीबरी, जावेद पुत्र अनिस निवासी पुरीना खुर्द थाना टेटेन, जनपद मुजफ्फरनगर, राजकुमार पुत्र तेजपाल निवासी कुतुबपुर, राजा पुत्र घनश्याम निवासी सलेमपुर तथा बिट्टू पुत्र बिजेंद्र निवासी कुतुबपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अंतरिक्ष के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(4), जावेद के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं से संबंधित मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, अपर उपनिरीक्षक राकेश कुमार समेत रानीपुर कोतवाली पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।
वारंटियों पर जारी रहेगा शिकंजा
रानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील को लेकर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और न्यायालय से जारी वारंटों की तामील में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
न्यायालय के वारंट पर रानीपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, पांच वारंटी गिरफ्तार

