हरिद्वार, 19 जून । जनपद हरिद्वार में अवैध पशु कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड गोवंश संरक्षण गढ़वाल परीक्षेत्र रोशनाबाद और थाना बहादराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मरगूबपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से 60 किलो भैंसवंशीय मांस, चार पशुखुर, कटान में प्रयुक्त उपकरण तथा 13,850 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को उत्तराखंड गोवंश संरक्षण गढ़वाल परीक्षेत्र रोशनाबाद हरिद्वार की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम मरगूबपुर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान वसीम पुत्र नसीम उर्फ बहरा (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम मरगूबपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को मौके से गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान टीम को आरोपी के कब्जे से 60 किलो भैंसवंशीय मांस, चार पशुखुर, पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले कटान उपकरण तथा 13,850 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इस संबंध में थाना बहादराबाद में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271, 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(ठ) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क या अन्य लोगों के संपर्क में तो नहीं था।
इस संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक शरद सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र, कांस्टेबल प्रवीन कुमार, कांस्टेबल पूरन दानू तथा महिला कांस्टेबल लखमीरी सहित उत्तराखंड गोवंश संरक्षण गढ़वाल परीक्षेत्र रोशनाबाद हरिद्वार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हरिद्वार पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण इकाई द्वारा अवैध पशु कटान और उससे जुड़े अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हरिद्वार में अवैध पशु कटान पर बड़ी कार्रवाई, 60 किलो भैंसवंशीय मांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

