बिना लाइसेंस चल रही दो दुकानें सील, एसडीएम ने ग्राहक बनकर किया खुलासा
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त मोती बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से एयरगन बेचने का कारोबार कर रही दो दुकानों पर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। कार्रवाई के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मोती बाजार स्थित रामप्रसाद गली में बिना वैध लाइसेंस के बड़े स्तर पर एयरगन की खरीद-फरोख्त की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम गठित की गई।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए एसडीएम जितेंद्र कुमार स्वयं एक आम ग्राहक बनकर संबंधित दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से बेहतर क्वालिटी की एयरगन दिखाने को कहा, जिस पर दुकानदार ने करीब दो से ढाई लाख रुपये कीमत तक की एयरगन उनके सामने रख दी।
मामले की पुष्टि होने के बाद एसडीएम ने अपना परिचय देते हुए दुकानदार से एयरगन बिक्री का वैध लाइसेंस मांगा। लेकिन दुकानदार कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों दुकानों को सील कर दिया।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुकानों में आर्म्स एक्ट के नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से एयरगन की ट्रेडिंग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि एयरगन की बिक्री के लिए वैध लाइसेंस आवश्यक होता है, लेकिन संबंधित दुकानदारों के पास कोई लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला। ऐसे में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील किया गया है।
कार्रवाई के दौरान शिशुपाल सिंह सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मोती बाजार क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
सूत्रों की मानें तो सील की गई दुकानों में से एक दुकान का संबंध हरिद्वार के एक प्रभावशाली नेताजी के करीबी से बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और अवैध हथियार कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

