हरिद्वार | समाचार प्रहरी 24 ; हरिद्वार में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कनखल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले “पिल्ला गैंग” के तीन मास्टरमाइंड अभियुक्तों को गिरफ्तार कर गैंग के नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिलाने में अहम भूमिका निभाते थे।
कनखल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का नेटवर्क केवल कनखल तक सीमित नहीं था, बल्कि भूपतवाला, कोतवाली नगर, ज्वालापुर, पथरी और लक्सर तक फैला हुआ था। पुलिस अब तक इस गैंग से जुड़े 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और पूछताछ में सामने आए अन्य नामों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग के खिलाफ जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
मारपीट की घटना से खुला पूरा नेटवर्कजानकारी के अनुसार दिनांक 04 मई 2026 को कनखल निवासी प्रणव शर्मा के साथ जगजीतपुर स्थित रॉयल हट में बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना कनखल में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं और सादे कपड़ों में लगातार संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।
पुलिस ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने गैंग के तीन मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
कुशलपाल पुत्र अनिल कुमार सैनी निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप, थाना कनखल हरिद्वार
आकाश कुमार पुत्र बिरेन्द्र कुमार निवासी तुकमापुर, थाना नगीना जिला बिजनौर (उ0प्र0)
हिमांशु उर्फ जौनी पुत्र पतराम सैनी निवासी राजा का राजपूत, थाना नूरपुर जिला बिजनौर (उ0प्र0)
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय रोशनाबाद में पेश किया जा रहा है। वहीं गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
गैंग के खिलाफ और सख्त होगी कार्रवाई
कनखल पुलिस ने साफ किया है कि जिले में गुंडागर्दी, हुड़दंग और अपराध फैलाने वाले किसी भी गैंग को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गैंग के आर्थिक स्रोतों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त कर उन्हें कानून का कड़ा संदेश दिया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
SHO देवेन्द्र सिंह रावत, व0उ0नि0 अनुज सिंह, उ0नि0 सुधांशु कौशिक, उ0नि0 धनराम शर्मा, अ0उ0नि0 ललित मोहन, हे0का0 जितेन्द्र शाह, का0 सतेन्द्र रावत, का0 उमेद सिंह, का0 रघुबीर रावत

