“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 महिलाएं हिरासत में
समाचार प्रहरी 24 | हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के शिवमूर्ति चौक रेलवे गेट इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राहगीरों और आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर महिलाओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौच में बदली और फिर सड़क पर ही जमकर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरा इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया।
सूचना मिलते ही “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सक्रिय हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और हालात बिगड़ने से पहले 07 महिलाओं को हिरासत में लेकर बड़ा विवाद होने से टाल दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस की टीम शिवमूर्ति चौक रेलवे गेट क्षेत्र में होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की चेकिंग के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाल रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने देखा कि रेलवे गेट के सामने दो पक्षों की महिलाएं आपस में चीखते-चिल्लाते हुए मारपीट पर उतारू हैं। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि दोनों गुटों के बीच आने-जाने वाले लोगों को अपनी तरफ बुलाने और आकर्षित करने को लेकर विवाद चल रहा था। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही हंगामा शुरू हो गया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से सभी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो मामला बड़ा रूप ले सकता था और शांति व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ सकती थी।
पुलिस द्वारा हिरासत में ली गई महिलाओं के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि हिरासत में ली गई महिलाएं हरिद्वार समेत दिल्ली, लखनऊ, गाजियाबाद, हरियाणा और चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और वर्तमान में हरिद्वार क्षेत्र में रह रही थीं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक ऋषिकांत पतवाल
महिला उपनिरीक्षक अनीता शर्मा
महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह
महिला हेड कांस्टेबल शारदा राठी
महिला कांस्टेबल शोभा
महिला कांस्टेबल अनीता थापा
महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा
कांस्टेबल आनंद तोमर
कांस्टेबल परविंद सिंह
कांस्टेबल विरेंद्र सिंह
“ऑपरेशन प्रहार” का असर
हरिद्वार पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा, अशांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त नजर बनाए हुए है। पुलिस का साफ संदेश है कि धर्मनगरी की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
शिवमूर्ति चौक बना रणभूमि! ग्राहकों को अपनी ओर बुलाने को लेकर महिलाओं में हाई वोल्टेज ड्रामा पुलिस ने 7 महिलाओं को लिया हिरासत में

