हरिद्वार में सनसनी” रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक साधु की बेरहमी से हत्या

हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में अज्ञात हमलावर ने एक साधु की पीट-पीट कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब रोड़ीबेलवाला स्थित दीनदयाल पार्किंग के पास एक बाबा की निर्मम हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने बाबा के सिर पर डंडे और पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। और स्थानीय लोग दहशत में हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे रुड़की निवासी कुलदीप ने पुलिस को सूचना दी कि अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच एक व्यक्ति बाबा के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां करीब 40 से 45 वर्षीय अज्ञात बाबा लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और माथे पर काफी गहरे जख्म थे।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाबा को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक बाबा लंबे समय से इसी क्षेत्र में रह रहे थे और आसपास के लोग उन्हें ‘बिजली बाबा’ के नाम से जानते थे। पुलिस ने घटना के संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। टीम ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। चश्मदीदों के अनुसार हमलावर नेपाली मूल का प्रतीत हो रहा था, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हरिद्वार जैसे व्यस्त क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस बाबा की वास्तविक पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *