समाचार प्रहरी 24/संवाददाता पूजा अरोरा/हरिद्वार। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और बेहतर पुलिसिंग का परिचय दिया है। घर का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
मामला इण्डस्ट्रियल एरिया हरिद्वार का है, जहां 21 अगस्त को घर का ताला तोड़कर 95,370 रुपये नकद और सिगरेट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के जरिए संदिग्ध तक पहुंच बनाई।
पुलिस की मेहनत रंग लाई और जांच के दौरान 20 वर्षीय अमन वर्मा पुत्र राजकुमार, निवासी इन्द्राबस्ती, औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई 95,370 रुपये की नकदी और 268 डिब्बी सिगरेट बरामद की हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप ध्यानी, कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल जीवन तिवाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने CCTV फुटेज से लेकर जमीनी स्तर पर सुरागरसी-पतारसी तक हर पहलू पर काम करते हुए मामले को कम समय में अंजाम तक पहुंचाया।
कोतवाली नगर पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि हरिद्वार में अपराध कर बच निकलना आसान नहीं है। पुलिस न केवल घटनाओं पर तत्काल संज्ञान ले रही है, बल्कि तकनीकी जांच और जमीनी पुलिसिंग के जरिए अपराधियों तक पहुंचकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित कर रही है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
24 घंटे में चोरी का खुलासा, कोतवाली नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार

