निर्मल हरिद्वार परियोजना के तहत गोविंदघाट से ऋषिकुल तक चला विशेष स्वच्छता अभियान, लोगों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

हरिद्वार, 28 जून 2026।
निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत आदर्श युवा समिति (आयुस), हरिद्वार एवं डेवलपमेंट ऑल्टरनेटिव्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गोविंदघाट से ऋषिकुल की ओर घाट के किनारे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर गोविंदपुरी वार्ड की वार्ड सदस्य ममता नेगी, गोविंदपुरी घाट समिति के अध्यक्ष श्रवण जी, परशुराम घाट के अध्यक्ष रविकांत जी, आदर्श युवा समिति (आयुस) के सचिव दलमीर सिंह सहित परियोजना से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
निर्मल हरिद्वार परियोजना के प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर नितिन बडोनी ने बताया कि डेवलपमेंट ऑल्टरनेटिव्स के सहयोग से आदर्श युवा समिति द्वारा हरिद्वार नगर निगम के 30 वार्डों में निर्मल हरिद्वार परियोजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत स्रोत पर कचरा पृथक्करण के प्रति जन-जागरूकता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, वेस्ट वर्कर्स का प्रशिक्षण तथा वार्ड स्तर पर जागरूकता बैठकों जैसी विभिन्न गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं।
स्वच्छता अभियान में प्रतिमा, पूजा, प्रतिभा, तोफ़ा, राम, पावन, विपिन, सौरभ, रेखा, अंजू, विनोद, कमल, निरंजन, पूजा धीमान सहित विभिन्न महाविद्यालयों के इंटर्न छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने घाटों की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता बनाए रखने, कचरा पृथक्करण को अपनाने तथा हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान सफल हो सकता है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का सही प्रबंधन करने का संकल्प ले, तो हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *