हरिद्वार, 19 जून 2026। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे शातिर नशा तस्कर सचिन उर्फ रावण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में 19 जून 2026 को पुलिस टीम ने कृपाल आश्रम स्थित ग्राउंड से फरार आरोपी सचिन उर्फ रावण पुत्र महिपाल, निवासी पंचायतदत्त रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार (उम्र 31 वर्ष) को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मुकदमा संख्या 15/2026 में फरार चल रहा था, जिसके बाद उसे मुकदमे में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी कई बार अवैध स्मैक तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और थाना रानीपुर व थाना सिडकुल क्षेत्र में अपने साथियों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला शातिर अपराधी माना जाता है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसके विरुद्ध थाना सिडकुल एवं थाना रानीपुर में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले पंजीकृत हैं। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों की भी गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल तथा कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में फरार चल रहा शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

