हरिद्वार। जनपद हरिद्वार की विकासखंड लक्सर अंतर्गत ग्राम पंचायत अकोड़ा खुर्द में विकास कार्यों में अनियमितताओं का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम प्रधान बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र की कश्यप बस्ती में सीसी सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। जांच के दौरान निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी खामियां, तकनीकी मानकों की अनदेखी तथा एक ही सड़क को अलग-अलग दर्शाकर भुगतान किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।जांच टीम को ग्राम पंचायत से संबंधित कई महत्वपूर्ण अभिलेख, जिनमें बैंक पासबुक, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य वित्तीय दस्तावेज शामिल हैं, उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अतिरिक्त ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज विवरण और धरातल पर किए गए कार्यों में भी काफी अंतर पाया गया।जांच रिपोर्ट में कुछ विकास कार्यों को निजी हितों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कराए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है। अधिकारियों ने ग्राम निधि के उपयोग में अनियमितता तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही की पुष्टि की है।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम-2016 की धारा 138(1) के तहत कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान बसंती देवी को उनके पद से पृथक करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित धनराशि की वसूली तथा मामले में अन्य संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
हरिद्वार में ग्राम निधि के दुरुपयोग पर डीएम का एक्शन, प्रधान पद से हटाई गईं ग्राम प्रधान

