लक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश
हरिद्वार | जनपद के लक्सर क्षेत्र के ग्राम रणसूरा में हुई सनसनीखेज मारपीट, फायरिंग और बंधक बनाने की घटना में लक्सर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले का मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड अनीश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार यह मामला 13 मई 2026 का है, जब ग्राम रणसूरा निवासी गुफरान पुत्र मुर्सलीम की ओर से कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया गया कि गांव के ही अनीश और उसके साथियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से उनके चाचा शौकीन पुत्र बरकत तथा चचेरे भाई शमशाद पुत्र याकूब पर हमला किया। आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे थे।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियारों से गंभीर चोटें पहुंचाईं। इतना ही नहीं, जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। आरोपियों ने शौकीन और शमशाद को बंधक बनाकर घर में बंद कर दिया तथा उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बन गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तुरंत संज्ञान लिया और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी लक्सर तथा प्रभारी निरीक्षक लक्सर को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मौके से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए। लगातार चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीश को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद से लगातार छिपकर रह रहा था और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 450/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीश पुत्र सईद निवासी ग्राम रणसूरा, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 37 वर्ष बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश और कांस्टेबल हिमांशु चौधरी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लक्सर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं घटना के बाद गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

