“हरिद्वार” नदी में नहाने गया 12 वर्षीय मासूम बना मगरमच्छ का शिकार, गांव में दहशत

रुड़की (हरिद्वार), उत्तराखंड।
हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुग्गावाला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजा (पुत्र प्रमोद) के रूप में हुई है, जो गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था। गुरुवार दोपहर राजा अपनी साइकिल लेकर पास की चीला वाली नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी किनारे बने गहरे पानी के गड्ढे में पहले से छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे नदी किनारे खून से लथपथ राजा का शव बरामद हुआ। मगरमच्छ के हमले के निशान देखकर हर कोई दहशत में आ गया।
सूचना मिलने पर उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने क्षेत्रवासियों को नदी और गहरे जलाशयों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
मृतक के पिता प्रमोद पेशे से मजदूर हैं और राजा उनके परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में दो छोटी बहनें और एक भाई हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले साल भी इलाके में मगरमच्छ देखे गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा घेरा बनाने और मगरमच्छों को हटाने की मांग की है।
👉 प्रशासन के लिए चेतावनी:
यह घटना एक बड़ी चेतावनी है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *