खबर का हुआ असर: गंगनहर में अवैध खनन की खबर के बाद पुलिस का एक्शन, ऑटो जब्त, चालक गिरफ्तार

हरिद्वार। गंगनहर में अवैध खनन की शिकायतों को लेकर समाचार प्रहरी 24 पर खबर प्रसारित किए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। बहादराबाद क्षेत्र में पुराने पावर हाउस के पास खनन में इस्तेमाल किए जा रहे एक ऑटो को पुलिस ने कब्जे में लिया है। कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

खबर के बाद हरकत में आई पुलिस

पुराने पावर हाउस के पास गंगनहर में लगातार खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले को समाचार प्रहरी 24 ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद कोतवाली बहादराबाद की बाजार चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खनन में इस्तेमाल हो रहे ऑटो को कब्जे में ले लिया।

डिस्ट्रॉय घोषित ऑटो का हो रहा था इस्तेमाल

इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि पुलिस के अनुसार, संबंधित ऑटो का चेसिस नंबर आरटीओ हरिद्वार द्वारा पहले ही काटा जा चुका था और वाहन को डिस्ट्रॉय घोषित किया गया था। इसके बावजूद ऑटो का इस्तेमाल खनन गतिविधियों में किया जा रहा था। यह मामला वाहन के संचालन और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है।

चालक गिरफ्तार, मालिक पर भी कार्रवाई

बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत के अनुसार, कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक अनिकेत पुत्र युसुफ, निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। वाहन नईम पुत्र नसीर, निवासी बोंगला, बहादराबाद के नाम से संबंधित बताया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है और वाहन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनन पर निगरानी की जरूरत

गंगनहर के आसपास खनन की शिकायतों के बीच पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सवाल यह है कि गंगनहर क्षेत्र में खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग आगे क्या कदम उठाते हैं और डिस्ट्रॉय घोषित वाहन का इस्तेमाल कैसे हो रहा था।

समाचार प्रहरी 24 की खबर के बाद हुई पुलिस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना जरूरी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *